अमृतसर- पंजाब के अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने नशीले पदार्थों की तस्करी की पाकिस्तान की एक और नापाक कोशिश को नाकाम करते हुए ड्रोन को मार गिराया। साथ ही नशीले पदार्थों की खेप लेकर भागे तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बीएसएफ के जनसंपर्क अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार रात लगभग 9.35 मिनट पर क्षेत्र में तैनात बीएसएफ के जवानों ने अमृतसर के गांव धनोए खुर्द के पास एक संदिग्ध ड्रोन की आवाज सुनी।
आवाज सुनते ही सैनिकों ने तुरंत गोलीबारी कर ड्रोन को मार गिराया। इसके बाद क्षेत्र की तलाशी दौरान बीएसएफ के जवानों ने धनोए खुर्द के खेत से एक ड्रोन बरामद किया। इस बीच गांव धनोए खुर्द के पास तैनात सैनिकों ने तीन संदिग्ध लोगों को गांव की ओर भागते हुए देखा। जवानों ने एक संदिग्ध को 3 पैकेट के नशीले पदार्थों की खेप वाले बैग के साथ गिरफ्तार किया है।

