ओडिसा- बालासोर में शुक्रवार शाम को बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। बहनागा स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस और मालगाड़ी आपस में टकरा गई। तलाशी और बचाव अभियान के लिए टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। अब तक 233 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 900 से अधिक घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरी से उतरी. ट्रेन के कई डिब्बे मालगाड़ी पर चढ़ गए। जानकारी के मुताबिक 7 डिब्बे पलट गए, 4 डिब्बे रेल बाउंड्री के बाहर चले गए। कुल 15 बोगी बेपटरी हुए हैं। बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। घायलों को सोरो सीएचसी, गोपालपुर सीएचसी और खांटापाड़ा पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
इस रूट की सभी ट्रेनों को रोक दिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल राहत-बचाव के लिए प्रशासन के साथ एनडीआरएफ की 5 टीमें जुटी हैं। ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि करीब 50 एंबुलेंस को लोगों को ले जाने के लिए लगाया गया है। लेकिन घायलों की संख्या बहुत ज्यादा है। इसलिए घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए बड़ी संख्या में बसें जुटाई जा रही हैं।ओडिशा में ट्रेन हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ने भी दुख प्रकट किया है।
