नई दिल्ली- हरियाणा के पानीपत में पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला के कत्ल का आरोपी प्रियव्रत फौजी का भाई राकेश उर्फ राका पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। जबकि सोनू जाट नाम का एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ समालखा के नारायण गांव के पास हुई है। राकेश उर्फ राका ने अपने भाई प्रियव्रत फौजी के नाम से कुछ दिन पहले पानीपत के नामी मिष्ठान भंडार के मालिक और डेयरी संचालक से करोड़ों की फिरौती भी मांगी थी। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि बदमाश राकेश उर्फ राकू और सोनू के साथ सीआईए-2 टीम की मुठभेड़ हुई। बदमाश रंगदारी और मामले में वाटेंड थे. कुछ दिन पहले दोनों ने एक कार सवार व्यक्ति पर भी गोलियां चलाई थी। दोनों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई थी। राकेश उर्फ राकू की मौत हो गई और बदमाश सोनू उर्फ प्रवीन निवासी सिद्धार्थ नगर पानीपत घायल हो गया है। जिसका पानीपत के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं मृतक राकेश उर्फ राकू के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शवगृह में रखवा दिया गया है। बताया जा रहा है कि बदमाश बिना नंबर प्लेट की सिल्वर गाड़ी में सवार थे। सीआईए की टीम उनका पीछा कर रही थी। जब ये बदमाश डोढपुर मोड़ से नरायणा रोड पर पहुंचे तो इन्होंने पुलिस पर फायरिंग करने शुरू कर दी। जिस पर सीआईए ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो दोनों बदमाशों को गोलियां लगी।
Contact Us To Share your Problem Or Latest News... Link
Reach out!
