बॉबी देओल के शो आश्रम के चर्चे खूब हो रहे हैं. 2020 में शुरू हुई ये सीरीज अपने पहले ही सीजन से धूम मचा रही है. सीरीज में बाबा निराला बने बॉबी देओल के काम को तो पसंद किया ही गया है. साथ ही उनके साथ भोपा स्वामी के रोल को निभाने वाले चंदन रॉय सान्याल को भी फैंस ने खूब प्यार किया है.
भोपा स्वामी का किरदार एक बेहद ही शातिर और गुंडे आदमी का है, जो बाबा निराला की काली करतूतों में उसका साथ देता है. इस किरदार को चंदन ने जबरदस्त तरीके से निभाया है. 'जपनाम' कैचफ्रेज भी भोपा स्वामी के किरदार से ही आया है. ऐसे में बता रहे हैं कि भोपा के पीछे कौन शख्स है, जिसने फैंस के दिलों में जगह बनाई है.
चंदन रॉय सान्याल इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर और मॉडल हैं. उनका जन्म 30 जनवरी 1980 में दिल्ली में हुआ था. वह बंगाली परिवार से आते हैं. उन्होंने दिल्ली के जाकिर हुसैन कॉलेज से मैथमैटिक्स में ग्रेजुएशन किया है.
