लुधियाना- जिले के ईशर नगर के नजदीक निर्माणाधीन इमारत में से 2 युवकों के शव मिलने का मामला सामने आया है। युवकों की पहचान जम्मू के रहने वाले विजय कुमार और जालंधर के लवप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। दोनों युवक राजमिस्त्री का काम करते थे। वह शराब पीने के आदी थे। जिस इमारत में दोनों के शव मिले हैं। दोनों उसी इमारत में मिस्त्री का काम करते थे और रात को वहीं सो जाते थे। सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस द्वारा संदेह जताया जा रहा है कि मौत ज्यादा शराब पीने से हुई है। जांच अधिकारी एएसआई सतविंदर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में भेजा है। पोस्टमार्टम में ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। शवों के पास शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं, जिससे संदेह जताया जा रहा है कि युवकों की मौत ज्यादा शराब पीने से हुई है।
