रेवाड़ी- जिले में माजरा के पास दर्दनाक हादसा देखने को मिला जहां 2 ट्रालों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रॉले में भीषण आग लग गई, जबकि दूसरा ट्राला डिवाइडर कूदकर दूसरी साइड जाकर टकरा गया। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग को बुझाया, लेकिन तब तक ट्रॉला सवार क्लीनर की मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरी तरफ घायल बिरेन्द्र को तुरंत रेवाड़ी स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर आया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में एक यूपी के जिला रामपुर निवासी बिरेन्द्र व दूसरा हरियाणा महेन्द्रगढ़ जिला निवासी दीपक शामिल है। बिरेन्द्र सिंह अपने ट्रॉला लेकर नारनौल से रेवाड़ी की तरफ आ रहा था। इसी दौरान खोल थाना क्षेत्र में पड़ने वाले रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे नंबर-11 पर गांव माजरा के समीप रोड़ियों से भरे दूसरे ट्रॉला से टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद रोड़ी से भरे ट्रॉले में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद ट्रॉला चालक बाहर निकलने में कामयाब हो गया, लेकिन उसमें बैठा क्लीनर दीपक अंदर ही फंस गया। आग लगने से उसके अंदर फंसे दीपक की जलने के कारण मौत हो गई। पुलिस शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी हुई है।
