नई दिल्ली - झारखंड के गढ़वा जिले में सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। मझिगांवा से गढ़वा जाने वाली यात्रियों से भरी बस घोड़दाग मोड़ पर पलट गई। इसमें दर्जनों लोग घायल हो गए। बस जहां पलटी वहां मोड़ के साथ गहरी खाई थी, जिसके कारण बस का पहिया ऊपर हो गया। इस बस में करीब 50 लोग सवार थे। इसमें से 22 लोगों को चोटें आई है। घटनास्थल पर प्रशासन ने पहुंचकर एंबुलेंस से यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़दाग मोड़ के समीप कांडी से गढ़वा जा रही बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना बुधवार की सुबह तकरीबन सवा 6 बजे की है। जानकारी के अनुसार साढ़े 5 बजे बस सवारियों से भरी हुई थी, मझिगांवा-कांडी से गढ़वा जाने के क्रम में घोड़दाग मोड़ के पास सड़क से 20 फिट नीचे खाई में जा पलट गई और चारों चक्का ऊपर हो गया। सड़क से गुज़र रहे राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से वाहन की शीशे को तोड़कर सभी सवारियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार अपने दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एम्बुलेंस व पुलिस वाहन और सुरक्षित वाहनों द्वारा रेफरल अस्पताल मझिगांव भेजा।
