बारिश का कहर : घरों में घुसा पानी, कई गाड़ियां बाढ़ की भेंट चढ़ी...

ऊना- जिला में प्री मानसून की पहली बारिश लोगों को गहरे जख्म दे गई। कुछ देर की बारिश ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। कई गाड़ियां बाढ़ की भेंट चढ़ी तो कई स्थानों पर सड़क के हिस्से ही गायब हो गए। सबसे अधिक नुक्सान हरोली क्षेत्र में हुआ। यहां सैंकड़ों हैक्टेयर भूमि पर फसल खराब हो गई। खेत-खलिहान पानी में डूब गए।


स्वां नदी ने बारिश के बाद विकराल रूप धारण कर लिया है। बारिश के बाद लोअर बढेड़ा-लोअर पालकवाह सड़क आवाजाही के लिए कई जगह पर बंद हो गई। कांगड़ा बढेड़ा की खड्ड में ऐसी बाढ़ आई कि काजवे पूरा पत्थरों से भर गया। ऊना को जेजों से जोड़ने वाली सड़क भी कई घंटे तक आवाजाही के लिए बंद हो गई और यहां कई बड़े ट्रक जोकि खनन मैटीरियल की ढुलाई में लगे थे वे भी बाढ़ में फंस गए।
बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण विधानसभा हरोली के गांव वार्ड नंबर-4 व 5 की आबादी में अचानक खड्ड के पानी ने रुख कर लिया, जिससे घरों में काफी ज्यादा नुक्सान हुआ। आबादी के घरों में 3 फुट से ज्यादा पानी भर गया। लोग घर के सामान को बचाने के लिए जद्दोजहद में जुट गए। इसी तरह गांव भदौड़ी के वार्ड नंबर-5 में भी बरसाती पानी ने अपना कहर बरपाया। घरों में कई फुट पानी भर गया जिस कारण घर में रखे सामान का काफी ज्यादा नुक्सान हुआ है। वहीं हरोली मुख्यालय में पुलिस थाना के नजदीक एक स्काॅर्पियो गाड़ी बरसाती पानी की चपेट में आकर खड्ड में बह गई। 

Post a Comment