चंडीगढ़: पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में शनिवार सुबह से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। शनिवार की पूरी रात हुई बारिश की वजह से चंडीगढ़ में सुबह सुखना लेक के फ्लडगेट खोले गए हैं। सेक्टर 26 बापूधाम, धनास के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इन सड़कों को बंद कर दिया गया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से चंडीगढ़ के गांव कॉलोनियों का बुरा हाल है।
मनीमाजरा, शास्त्री नगर, भगवानपुरा, धनास, मलोया सहित कई सेक्टरों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। गांव फैदा में हालात ज्यादा बुरे हैं। चंडीगढ़ के लोगों को पहली बार ऐसी मूसलाधार बारिश देखने को मिली। चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार 24 घंटे में 322.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है। शनिवार सुबह से लेकर रविवार सुबह तक 322.2 एमएम बारिश हुई है। 24 घंटे में इतनी बारिश चंडीगढ़ में इससे पहले कभी नहीं हुई। मौसम विभाग ने एक बार फिर चंडीगढ़, रोपड़, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।