जालंधर - पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के आदेशों पर चाइना डोर के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने संजय गांधी नगर में रेड कर भारी मात्रा में चाइना डोर बरामद कर एक व्यक्ति को काबू किया है। आरोपी की पहचान सुभाष पुत्र केदारनाथ के तौर पर हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आज फोकल पॉइंट के पास पड़ते संजय गांधी नगर में छापेमारी कर 120 गट्टू बरामद किए हैं। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि वह अपने स्टाफ के साथ फोकल पॉइंट की तरफ गश्त थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर का फोन आया। मुखबिर ने सूचना दी कि संजय गांधी नगर में प्रतिबंधित चाइना डोर धड़ल्ले से बिक रही है। यदि अभी छापामारी की जाए तो बेचने वालों को रंगेहाथ पकड़ा जा सकता है। पुलिस ने तुरंत छापा मार कर डोर पकड़ ली। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके पिता फोकल पॉइंट में एक फैक्ट्री में लोहा ढलाई का काम करते हैं। वह और उसका एक साथी मिलकर पंतगबाजी के सीजन में डोर और पतंग बेचने का काम करते हैं। वह दोनों प्रतिबंधित डोर को अमृतसर से खरीद कर लाते थे और अपना प्रॉफिट निकाल कर आगे बेच देते थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुभाष के दोस्त को भी जल्द पकड़ा जाएगा।
Contact Us To Share your Problem Or Latest News... Link
Reach out!