जालंधर- जालंधर देहात के महितपुर के गांव उदोवाल में बदमाशों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में महिला की मौत हो गई, जबकि महिला का बेटा घायल है। घायल की पहचान दीपक के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक जालंधर के महितपुर में मंगलवार कुछ बदमाशों ने घर में घुसकर एक परिवार के सदस्यों पर फायरिंग कर दी। गोलियां चलाने के बाद बदमाश फरार हो गए।
गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घर के बाहर इकट्ठा हो गए और जब अंदर गए तो महिला और दीपक नामक व्यक्ति खून से लथपथ पड़े थे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और दोनों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। हमले में दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है। हमलावर कौन था और उसने हमला क्यों किया इसके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
