पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री इंदरबीर निज्जर का इस्तीफा, जालंधर जिले से ये MLA बनेगा मंत्री...

चंडीगढ़- पंजाब से बड़ी खबर है। एक बार फिर से पंजाब मंत्रिमंडल में बदलाव होने जा रहा है। इससे पहले स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को भेज दिया है। इसके साथ 2 विधायकों को आज मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर राज्यपाल को पत्र लिखा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने इस फेरबदल के बारे में बताया कि राज्यपाल को भेजे पत्र में भगवंत मान ने इंदरबीर सिंह निज्जर को निजी आधार पर मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर जालंधर जिले के करतारपुर विधायक बलकार सिंह और लंबी विधायक गुरमीत सिंह के नाम का भी प्रस्ताव रखा है।


उन्होंने राज्यपाल से 2 विधायकों को मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने की मंजूरी देने का अनुरोध किया। करतारपुर विधानसभा हलके के विधायक बलकार सिंह काफी प्रभावशाली माने जाते हैं। वे पंजाब पुलिस में एएसआई के तौर पर भर्ती हुए थे। जालंधर के डीएसपी के पद से रिटायर होने के बाद राजनीति में उतरे। जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए संयुक्त रूप से हर एक विधानसभा क्षेत्र के लिए रणनीति बनाई जिसमें कामयाब रहे। उनके क्षेत्र करतारपुर से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील रिंकू को 13890 वोटों से अधिक लीड मिली। उसके बाद पार्टी में उनका कद बढ़ गया। जानकारी के अनुसार 7 जुलाई 2022 को अमृतसर दक्षिण से विधायक डॉ इंदरबीर सिंह निज्जर, समाना विधानसभा क्षेत्र से चेतन सिंह जोरा माजरा, सुनाम विधानसभा क्षेत्र से अमन अरोड़ा, अनमोल गगन मान खरड़ विधानसभा क्षेत्र से और फौजा सिंह सारारी ने गुरु हर्षाय से पंजाब कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

Post a Comment