नई दिल्ली- उत्तर प्रदेश का बलिया जिला भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। पिछले 3 दिनों में आधिकारिक तौर पर 55 लोगों की मौत अलग-अलग कारणों से हो गई। मौतों के कारणों की जांच और रिसर्च करने रविवार को लखनऊ से वैज्ञानिकों की टीम बलिया पहुंचने वाली है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने रविवार को लू लगने से अब तक 2 लोगों की मौत का दावा किया और बाकी मरीजों की मौत अन्य कारणों से हुई। डाक्टर ने बातचीत में हीट स्ट्रोक से अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि की।
जिला अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक 40 फीसदी लोगों मौत बुखार से और 60 फीसदी लोगों की मौत अन्य बीमारियों के कारण हुई है। जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों के लिए स्वास्थ्य का माकूल इंतजाम किया गया है। अस्पताल में 15 बिस्तर (बेड) बढ़ाए गए है। कूलर, पंखा और एसी का इंतजाम भी किया गया है। जिला अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यादव के मुताबिक वर्तमान में मरीजों की संख्या काफी अधिक है।