चंडीगढ़- पंजाबी एक्टर मंगल ढिल्लों का लुधियाना के कैंसर अस्पताल में निधन हो गया। मंगल ढिल्लों लंबे समय से बीमार थे। एक महीने से उनका लुधियाना के अस्पताल में कैंसर का इलाज चल रहा था। इसके बावजूद एक्टर की हालत बिगड़ती चली गई। ढिल्लो एक्टर के साथ एक लेखक, निर्माता और निर्देशक भी थे।मंगल ढिल्लों का पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री को बॉलीवुड तक ले जाने में खास योगदान रहा है। मंगल ढिल्लो ने छोटे गांवों के कई युवाओं को फिल्मी दुनिया तक पहुंचाया। सबसे पहली उनकी फिल्म अदालत 1988 में आई थी। एक्टर यशपाल शर्मा ने उनके निधन की जानकारी दी। मंगल ढिल्लो का जन्म पंजाब में फरीदकोट जिले के गांव वांडर जटाना में हुआ था। फरीदकोट के सरकारी स्कूल से उन्होंने चौथी क्लास तक की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद वे उत्तर प्रदेश चले गए। जहां उन्होंने जिला परिषद स्कूल से आगे की पढ़ाई की और फिर वापस पंजाब लौट गए। उन्होंने मुक्तसर के सरकारी कॉलेज से ग्रेजुएशन की थी। मंगल ढिल्लो ने साल 1986 में पहला टीवी सीरियल कथा सागर किया था। इस मशहूर टीवी शो बुनियाद ने उन्हें घर-घर तक पहचान दिलाई। अपने करियर में उन्होंने किस्मत, द ग्रेट मराठा, मुजरिम हाजिर, रिश्ता मौलाना आजाद, नूरजहां जैसे धारावाहिकों में काम किया।