तेजी से फैल रहा 'आई फ्लू', रिसर्च में हुआ खुलासा...

नई दिल्ली- देश के कई राज्यों में इन दिनों 'आई फ्लू'  के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते साल की तुलना में इस बार 'आई फ्लू' के मामले ज्यादा हैं। वहीं दिल्ली एम्स की रिसर्च सामने आई है जिसमें बताया गया है कि इस बार मामले ज्यादा क्यों आ रहे हैं। एम्स की रिसर्च के मुताबिक एडिनोवायरस की वजह से आई फ्लू के मामलों में इतना इजाफा हो रहा है। एडिनोवायरस काफी खतरनाक होता है। इसकी वजह से आंखें लाल हो जाती है और इंफेक्शन भी होता है। यह वायरस लंग्स पर भी असर डालता है। एम्स की रिसर्च के मुताबिक आई फ्लू के 80 फीसदी मरीजों में एडिनोवायरस मिला है। कमजोर इम्यूनिटी वालों को आसानी से शिकार बनाता है। हालांकि यह नया वायरस नहीं है। हर साल बरसात के मौसम में यह एक्टिव होता है क्योंकि तब तापमान में नमी होती है लेकिन इस बार कई राज्यों में आई बाढ़ के कारण इसके  मामले बढ़ रहे हैं। एम्स के आरपी सेंटर के प्रमुख डॉ. जे.एस तितियाल के मुताबिक इस बार बड़ी संख्या में आई फ्लू के मरीज आ रहे हैं और लोगों को सलाह दी जाती है कि हल्के लक्षण दिखने पर भी इसे इग्नोर न करें। लोगों को सलाह है कि वे आई फ्लू के लक्षण दिखने पर सावधानी बरतें।


Post a Comment