नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को उन कई राहत शिविरों का दौरा किया जहां बाढ़ प्रभावितों ने शरण ली हुई है। असम के 28 जिलों में इस साल लगभग 30 लाख से अधिक लोग बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं।बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में राज्य में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है। असम के होजई जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन बच्चे लापता हो गए, जबकि 21 अन्य लोगों को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि 24 ग्रामीणों का एक समूह शुक्रवार देर रात इस्लामपुर गांव से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहा था, तभी रायकोटा इलाके में उनकी नौका पानी में डूबे एक ईंट-भट्टे से टकरा जाने के कारण पलट गई।
Contact Us To Share your Problem Or Latest News... Link
Reach out!