खराब मौसम का असर, रोकी गई अमरनाथ यात्रा...

 नई दिल्ली : जम्मू कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा सोमवार को खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने हालांकि यह भी बताया कि बालटाल से आज सुबह दस बजे तक दर्शन के लिए 140 श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी तीर्थयात्री को दक्षिण कश्मीर के नुनवान पहलगाम आधार शिविर और चंदनवाड़ी और पंजतरणी के पड़ाव स्थलों से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई है। एक अधिकारी ने बताया कि अब भी अमरनाथ के लिए जाने वाले कई मार्गों पर बारिश हो रही है और सड़कों में फिसलन बनी हुई है। खराब मौसम को देखते हुए अधिकारियों ने जब तक मौसम में सुधार नहीं हो जाता तब तक यात्रा स्थगित करने का फैसला किया है।बालटाल मार्ग से दुमैल होते हुए पवित्र गुफा की ओर किसी भी पैदल चलने वाले तीर्थयात्रियों को जाने की अनुमति नहीं दी गयी है। अधिकारियों ने कहा बालटाल से पवित्र अमरनाथ गुफा जाने वाले मार्ग पर पूरी रातभर बारिश होती रही और अब भी मार्ग में तेज बूंदाबांदी हो रही है जिसके कारण रास्तों में फिसलन है।




Post a Comment