नई दिल्ली- फेमिना मिस इंडिया 2023' की विनर राजस्थान की नंदिनी गुप्ता बनी हैं। 59वें फेमिना मिस इंडिया ब्यूटी पेजेंट के विनर के नाम का ऐलान शनिवार रात को किया गया। नंदिनी गुप्ता के सिर पर 'मिस इंडिया' का ताज सजा है। 19 साल की नंदिनी गुप्ता ने मिस इंडिया 2023 का खिताब अपने नाम किया। इस खास मौके पर नंदिनी को पूर्व मिस इंडिया सिनी शेट्टी ने ताज पहनाया। ब्लैक गाउन में नंदिनी ने रैंप वॉक करते हुए अपनी खूबसूरती और कॉन्फिडेंस से हर किसी का दिल जीत लिया।
दिल्ली की श्रेया पूंजा फर्स्ट रनर अप बनीं और मणिपुर की थौनाओजम स्ट्रेला लुवांग सेकेंड रनर-अप रहीं। ब्यूटी पेजेंट में देशभर की लड़कियों ने हिस्सा लिया था लेकिन नंदिनी ने सबको पछाड़ते हुए 'खूबसूरती का ताज' अपने नाम कर लिया। महज 19 साल की उम्र में मिस इंडिया बनकर नंदिनी अब कई लड़कियों के लिए इंस्पिरेशन बन गई है। नंदिनी अब मिस वर्ल्ड के अगले सीजन में देश को रिप्रेजेंट करेंगी। नंदिनी गुप्ता राजस्थान के कोटा शहर की रहने वाली हैं और बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की है।