जालंधर- मलसियां स्थित नई मॉडल टाऊन कालोनी में राजा और गिंदा गुट का बीच खूनी टकराव होने का मामला सामने आया है। दोनो पक्षों में ताबड़तोड़ गोलियां चली है। गोलीबारी में 4 युवक घायल हुए हैं। तीन को टांगों में गोलियां लगी हैं। जबकि एक को पेट में गोली लगी है। इन्हें हालत गंभीर होने के कारण शाहकोट सिविल अस्पताल से जालंधर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती को समर्पित नगर कीर्तन का आयोजन किया गया था। इसी बीच चिट्टी वेईं के पास एक धार्मिक कुटिया के समीप पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। मारपीट शुरू होने से पहले ही मौके पर पुलिस के पहुंचने से दोनों पक्ष वहां से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि करीब 25 से 30 गोलियां चलाई गईं। इसी बीच दोनों पक्षों के 4 युवक हरजिंदर सिंह पुत्र रेशम सिंह निवासी शाला नगर (मलसियां), अर्शदीप सिंह पुत्र राज कुमार निवासी गांव फखरूवाल (शाहकोट), राजविंदर सिंह पुत्र बलकार सिंह वासी मोहल्ला बागवाला शाहकोट, विनोद कुमार पुत्र पप्पू वासी जैन कॉलोनी शाहकोट गंभीर रूप से घायल हो गए। डी.एस.पी शाहकोट गुरप्रीत सिंह गिल और थानाध्यक्ष गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि विनोद कुमार के पेट में, अर्शदीप सिंह के पैर में और राजविंदर सिंह के टांग में गोली लगी है। हरजिंदर सिंह भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। थानाध्यक्ष नागरा ने बताया कि पुलिस ने मौके से करीब एक दर्जन चलीं हुई गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। घायलों की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है।
Contact Us To Share your Problem Or Latest News... Link
Reach out!