यमुनानगर - शहर के भाटिया नगर में कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कार से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार मृतक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला था। वो काम के सिलसिले में यमुनानगर बराबर आता-जाता रहता था। बीती रात वह यमुनानगर के भाटिया नगर के नजदीक पहुंचा तो इसी दौरान जिस दुकान पर वह काम करता था उसके मालिक ने उसे सोने के लिए अपनी गाड़ी की चाबी दे दी और वो उसी में सो गया। सुबह वह उसी गाड़ी में मृत पाया गया। दुकानदार का कहना है कि उसने शायद शराब पी रखी थी, मौत कैसे हुई उसे नहीं पता।
फिलहाल उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि गाड़ी में शव मिला है। मामले की जांच की जा रही है। मौत कैसे हुई, कब हुई, किन हालात में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।