नई दिल्ली : भगवान शिव का प्रिय सावन माह शुरू हो गया है और आज सावन का पहला सोमवार है। सावन के पहले सोमवार के दिन बिहार में बड़ा हादसा हुआ है जिसमें 2 महिलाओं की मौत हो गई। घटना बिहार के सीवान की है जहां के ऐतिहासिक महेंद्रनाथ मंदिर में प्रवेश के दौरान हुई भगदड़ में भीड़ में दबने से 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल दोनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। सावन के पहले सोमवार की वजह से भगवान शिव पर जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इस बीच श्रद्धालुओं की भीड़ जलाभिषेक के लिए मंदिर में प्रवेश कर रही थी कि तभी यह हादसा हुआ। मृतका की पहचान हुसैनगंज के प्रतापपुर गांव निवासी लीलावती देवी के रूप में हुई है वहीं दूसरी मृत महिला सोहगमती देवी है जो जीरादेई प्रखण्ड के पठार गांव की रहने वाली बताई जा रही है।
Contact Us To Share your Problem Or Latest News... Link
Reach out!
